फिरोजपुर , अगस्त 11 -- पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) फिरोजपुर रेंज ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार मादक पदार्थ तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30.672 किलोग्राम हेरोइन बरामद करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई वरना कार भी जब्त की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोजपुर के कसूरी गेट निवासी अनमोलप्रीत सिंह उर्फ अनमोल (24), फिरोजपुर के गांव गुलाम पट्टा निवासी और वर्तमान में संत कबीर नगर में रहने वाले आकाश सिंह उर्फ आकाश (22) तथा राज घाट, फिरोजपुर निवासी अंशप्रीत सिंह उर्फ अंश (25) के रूप में हुई है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हेरोइन की खेप एक विदेश स्थित मादक पदार्थ तस्कर ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार भेजी थी। इसे फिरोजपुर के गांव अली के क्षेत्र में एक भारतीय तस्कर ने हासिल किया था, जिसके बाद इसे आगे परिवहन और वितरण के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस नेटवर्क की पिछली और आगे की कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
यह कार्रवाई पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा संयुक्त अभियान में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 30.200 किलोग्राम हेरोइन बरामद किये जाने के कुछ ही दिन बाद हुई है। इस तरह चार दिनों के भीतर फिरोजपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार मादक पदार्थ तस्करी के दूसरे मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। एएनटीएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) नीलाभ किशोर ने बताया कि मादक पदार्थ की भारी खेप बरामद होने के बाद उसके परिवहन की सूचना मिलने पर एसपी एएनटीएफ फिरोजपुर रेंज गुरिंदरबीर सिंह के नेतृत्व में टीमों ने फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर नाकाबंदी कर जाल बिछाया।
इस दौरान हुंडई वरना कार में सवार तीनों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गयी, जिसमें 30.672 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जांच आगे बढ़ने पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
इस संबंध में 10 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत थाना एएनटीएफ, एसएएस नगर में मामला दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित