फिरोजपुर , मई 26 -- पंजाब में फिरोजपुर काउंटर इंटेलिजेंस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पांच अत्याधुनिक .30 बोर ग्लॉक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किये हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोजपुर के गांव खेहरा के उत्तर निवासी लखविंदर सिंह के रूप में हुई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह एक महीने पहले ही जेल से रिहा होकर बाहर आया था।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हथियार सीमा पार चैनलों के जरिए भारत में तस्करी कर लाये गये थे और इन्हें आगे आपराधिक नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जाना था। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है, ताकि इस मॉड्यूल से जुड़े सभी लोगों और इसके आगे-पीछे के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों को सूचना मिली थी कि लखविंदर सिंह इलाके में हथियार सप्लायर के तौर पर सक्रिय है। सूचना के आधार पर सीआई फिरोजपुर की टीम ने कुलगढ़ी इलाके में गुप्त अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पांच अत्याधुनिक हथियारों की खेप बरामद हुई।

एआईजी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने हैंडलर के निर्देश पर इन हथियारों को विभिन्न आपराधिक गिरोहों के गुर्गों तक पहुंचाने वाला था। मामले में आगे और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है।

इस संबंध में थाना कुलगढ़ी, फिरोजपुर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित