फिरोजपुर , मई 20 -- पंजाब को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत फिरोजपुर पुलिस ने दो अलग-अलग खुफिया आधारित ऑपरेशनों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार का उनके कब्जे से 10.125 किलो हेरोइन, दो किलो आइस (मेथामफेटामाइन) और एक .30 बोर तुर्किये पिस्तौल बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम उर्फ ओमी (23) निवासी गांव लेलीवाला, फिरोजपुर तथा अनीकेत कुमार (22) और सुमित (23) निवासी शांति नगर, फिरोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों नेटवर्कों के पीछे संगठित ड्रग सप्लाई चेन के शामिल होने के संकेत मिले हैं। पुलिस टीमें मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही हैं ताकि नशे के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके।
पहले ऑपरेशन की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर मोहित धवन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खाई फेमे के से गांव हबीब के रोड स्थित एक ईंट भट्ठे के पास ओम उर्फ ओमी को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से 10.125 किलो हेरोइन बरामद की गई।
दूसरे ऑपरेशन में थाना अरिफ के के एसएचओ इंस्पेक्टर बलराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि अनीकेत कुमार और सुमित कुमार सिंथेटिक ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल हैं तथा मल्लांवाला की तरफ से फिरोजपुर रोड पर किसी पार्टी को नशे की खेप देने जा रहे हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को काबू कर लिया। तलाशी में उनके पास से 2 किलो आइस ड्रग और एक .30 बोर तुर्किये पिस्तौल बरामद हुई।
एसएसपी ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में थाना सदर फिरोजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 तथा थाना अरिफ के में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-सी और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्राथमिकी की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित