फिरोजपुर, 26 मई ( वार्ता) पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच अत्याधुनिक .30 बोर ग्लॉक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हथियार कथित तौर पर सीमा पार से भारत में तस्करी के जरिए लाए गए थे और इन्हें आगे नेटवर्क के माध्यम से सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान मॉड्यूल के आगे और पीछे के लिंक तलाशे जा रहे हैं, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित