हेलसिंकी , अगस्त 12 -- आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर का फाइनल राउंड शुक्रवार को फिनलैंड में शुरू हो रहा है। इसमें 10 देश 14 से 21 अगस्त तक हिस्सा लेंगे और 2027 में होने वाले टी-20 पुरुष विश्व कप यूरोप क्वालिफ़ायर में जगह बनाने का प्रयास करेंगे। टीमो को दो ग्रुप में बांटा जायेगा और ग्रुप की विजेता टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। जीतने वाली टीम अगले साल होने वाले यूरोप क्वालिफ़ायर में अपनी जगह पक्की करेगी और ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में होने वाले आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2028 के लिए ग्लोबल क्वालिफायर में पहुंचने का मौका भी हासिल करेगी।

मेजबान फिनलैंड ग्रुप एक में बुल्गारिया, आइल ऑफ़ मैन, लक्ज़मबर्ग और स्पेन के साथ होगा। ग्रुप 2 में चेकिया, जर्मनी, ग्रीस, इज़राइल और पुर्तगाल शामिल हैं।

फिनलैंड ने पहली बार 2022 में आईसीसी सब-रीजनल क्वालिफ़ायर की मेज़बानी की थी, यह टूर्नामेंट देश में क्रिकेट के विकास को दिखाने और यूरोप के कुछ प्रमुख उभरते हुए क्रिकेट देशों का स्वागत करने का एक बड़ा मौका है। इन उम्मीदों को तब और बल मिला जब आईसीसी ने फ़िनलैंड के हर मैच के लिए फ़िनिश भाषा में कमेंट्री की सुविधा दी। साथ ही, पहली बार आईसीसी टीवी और वाईएलई एरिना (फ़िनिश पब्लिक ब्रॉडकास्टर की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग और कैच-अप सर्विस) पर भी कमेंट्री उपलब्ध होगी।

इस टूर्नामेंट के सभी मैच आईसीसी टीवी पर दुनिया भर में लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे। इसके साथ ही फ़िनिश आईसीसी के पोर्टफोलियो में शामिल होने वाली 10वीं कमेंट्री भाषा बन गई है। मैदान पर, स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की नज़रें पुर्तगाल के कप्तान के तौर पर मोइसेस हेनरिक्स के पहले मैच पर होंगी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी (39 साल) अपने जन्मस्थान वाले देश के लिए डेब्यू करने जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित