धार , जून 25 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के धामनोद क्षेत्र में परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले सात स्कूल वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 33 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार परिवहन आयुक्त और जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश पर क्षेत्र में संचालित स्कूल वाहनों की विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में संचालित लगभग 50 स्कूल वाहनों का भौतिक सत्यापन किया।
जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, वैध परमिट, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। परिवहन विभाग के अनुसार सात स्कूल वाहन मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते पाए गए। इन वाहनों के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 33 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
विभाग ने सभी स्कूल संचालकों और वाहन स्वामियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित