लेह (लद्दाख) , जनवरी 21 -- खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के दूसरे दिन बुधवार को फिगर स्केटिंग स्पर्धा में हरियाणा ने दो स्वर्ण जीते, केरल और उत्तराखंड ने जीते एक-एक स्वर्ण पदक अपने नाम किये। इसी के साथ हरियाणा कुल पांच पदकों (दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य) के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है।

आज यहां नवांग दोरजे स्टोबदान (एनडीएस) स्टेडियम में फिगर स्केटिंग स्पर्धा में पांच राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 20 स्केटरों ने हिस्सा लिया। पहला स्वर्ण हरियाणा की हिया अदलखा ने जीता, जबकि लद्दाख की स्टांजिन खांडो और तेंजिन कुंज़िन ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए।

नोविस लड़के वर्ग में उत्तराखंड के आदर्श सिंह रावत ने स्वर्ण पदक जीता, लेकिन सबसे अधिक प्रतीक्षित मुकाबले एडवांस्ड लड़के और लड़की वर्ग के रहे। हरियाणा की गौरी राय (नीले-फिरोज़ी रंग की पोशाक में) ने एडवांस्ड लड़की शॉर्ट प्रोग्राम में स्वर्ण पदक जीता। हालांकि तकनीकी गुणवत्ता के लिहाज से केरल के अभिजीत अमल राज तीनों पहलुओं में अन्य सभी स्केटरों से बेहतर रहे। एडवांस्ड लडके वर्ग में कुल नौ प्रतियोगी शामिल थे।

आइस हॉकी में पुरुषों के ग्रुप-बी मुकाबले में लद्दाख और आईटीबीपी के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जिसमें मेजबान लद्दाख ने 3-1 से जीत दर्ज की। मुकाबले में शारीरिक टकराव भरपूर रहा। स्टांजिन अंगछोल ने पहले ही मिनट में गोल कर लद्दाख को बढ़त दिलाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित