कोलकाता , मई 24 -- फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत के कुछ ही मिनटों बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।

एक लंबे सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा को भारी जनादेश देकर जिताने के लिए फाल्टा के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने मतदाताओं से एक लाख मतों से जीत सुनिश्चित करने की अपील की थी तथा भाजपा उम्मीदवार ने अंततः 1.09 लाख से अधिक मतों से जीत हासिल की है।

श्री अधिकारी ने लिखा, "मैं फाल्टा की जनता के आगे सिर झुकाता हूँ। हम क्षेत्र के समग्र विकास के माध्यम से इस विश्वास को चुकाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम एक 'स्वर्ण फाल्टा' बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"मुख्यमंत्री ने डायमंड हार्बर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की प्रचंड जीत के कुछ ही मिनटों बाद तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के बहुचर्चित 'डायमंड हार्बर मॉडल' का मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि अब यह 'तृणमूल हार-बार मॉडल' (तृणमूल के लिए लगातार हार का मॉडल) में बदल चुका है।

तृणमूल कांग्रेस के पिछले शासन पर अपना हमला तेज करते हुए श्री अधिकारी ने आरोप लगाया कि पार्टी सिद्धांतों और विचारधारा से विहीन एक 'माफिया कंपनी' में तब्दील हो गई थी। उन्होंने दावा किया कि सत्ता खोने के बाद पार्टी की 'असली स्थिति' जनता के सामने आ गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तृणमूल नेतृत्व ने राजनीतिक क्षेत्र पर हावी होने और जनता के पैसे का दोहन करने के लिए लंबे समय तक राज्य की सत्ता के दुरुपयोग, जबरन वसूली, सिंडिकेट संचालन और 'धमकी की संस्कृति' का सहारा लिया था।

श्री अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बिना श्री अधिकारी ने उन्हें 'पैराशूट कमांडर' बताया और उन पर 'फर्जी सिंडिकेट' चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लोकतांत्रिक आवाजों को दबाया गया था।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले चुनावों में तृणमूल ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से लगभग 1.5 लाख वोटों की 'फर्जी बढ़त' हासिल की थी, लेकिन अब लोग आखिरकार स्वतंत्र रूप से अपना मत डालने में सक्षम हुए, जिससे 'असली तस्वीर' सामने आ गई।

उपचुनाव के इस परिणाम को तृणमूल के राजनीतिक पतन की शुरुआत बताते हुए श्री अधिकारी ने कहा कि पार्टी के सामने आगे की राह लंबी और कठिन है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित