कोलकाता , मई 02 -- पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने शनिवार को कहा कि दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में पुनर्मतदान का अंतिम निर्णय 'वहां के सामान्य पर्यवेक्षक और टीम के मूल्यांकन' पर निर्भर करता है।
श्री अग्रवाल के अनुसार सामान्य पर्यवेक्षक ने रिपोर्ट भेज दी है और अभी उस पर 'कार्यवाही चल रही है'। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थान पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय चुनाव आयोग (ईसीआई) के पास सुरक्षित है।
उन्होंने फाल्टा और उन अन्य चुनाव क्षेत्रों के बीच तुलना की जहां से गड़बड़ियों की खबरें मिली थीं। उनका कहना है कि डायमंड हार्बर में अनियमितताएं केवल चार मतदान केंद्रों तक सीमित थीं, जबकि मगराहाट में 11 स्थानों पर गड़बड़ी दर्ज की गयी। उन्होंने बताया कि फाल्टा में हालांकि बड़ी संख्या में बूथ शामिल हैं। इसलिए आयोग को पूरी स्थिति की समग्रता के आधार पर निर्णय लेना होगा।
श्री अग्रवाल ने कहा, "चुनाव आयोग ही इस पर निर्णय लेगा। लोगों की मांगों पर विचार किया जायेगा, लेकिन हर दिन चुनाव कराना भी संभव नहीं है।"फाल्टा के निवासी उन स्थानों पर पुनर्मतदान की मांग कर रहे हैं, जहां से चुनाव में गड़बड़ी और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से छेड़छाड़ के मामले सामने आये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित