लुधियाना , सितंबर 19 -- गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय पशु पालन मेले का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह में पंजाब सरकार के राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत सिंह संधू मुख्य अतिथि रहे, जबकि पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार एवं कार्यवाहक कुलपति सुखजीत पाल सिंह ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। मेले में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और पशुपालन की नई तकनीकों में रुचि दिखाई।

श्री संधू ने कहा कि किसानों को सशक्त बनाने में पशु चिकित्सा एवं संबद्ध विज्ञानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विश्वविद्यालय ने प्रदर्शनी, जीवंत प्रदर्शन और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से वैज्ञानिकों तथा किसानों को एक मंच पर लाने में योगदान दिया है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने किसानों से शोध एवं तकनीकों को और उपयोगी बनाने के लिए सुझाव देने तथा विश्वविद्यालय द्वारा विकसित उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ रविंदर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि मेले में पशु उत्पादों में मूल्य संवर्धन, डेयरी, मांस एवं अंडा उत्पाद, मत्स्य पालन और सजावटी मछलियों से संबंधित तकनीकों की जानकारी दी गई। किसानों को बाईपास फैट, खनिज मिश्रण, संतुलित पशु आहार और कृत्रिम गर्भाधान के लाभों से अवगत कराया गया। सेंटर फॉर वन हेल्थ ने पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाली बीमारियों के प्रति भी जागरूक किया।

मेले में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, दवा एवं मशीनरी कंपनियों, पंजाब सरकार के पशुपालन विभाग तथा सहयोगी संस्थाओं के 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए। इस दौरान उद्यमिता, घोड़ा प्रबंधन, डेयरी-पोल्ट्री स्टार्टअप, जैव-सुरक्षा और टिकाऊ कृषि-पशुपालन से संबंधित पुस्तिकाएं जारी की गईं। सूअर प्रबंधन के लिए मोबाइल ऐप तथा बकरी के दूध से तैयार हेयर शैंपू भी जारी किया गया।

समारोह में प्रगतिशील किसानों और विश्वविद्यालय से प्रशिक्षण लेकर व्यवसाय स्थापित करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। स्टॉल श्रेणी में कैरस लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड को प्रथम, डी ह्यूस एनिमल न्यूट्रिशन को द्वितीय और बिग ब्रो एनिमल फीड को तृतीय पुरस्कार मिला। विश्वविद्यालय श्रेणी में लाइवस्टॉक प्रोडक्शन मैनेजमेंट विभाग प्रथम, एनिमल न्यूट्रिशन द्वितीय और वेटरनरी पैथोलॉजी तृतीय रहा। कॉलेज ऑफ फिशरीज तथा कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी को उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित