लखनऊ , सितंबर 27 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम फार्माविजन का 13वां राष्ट्रीय अधिवेशन डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ में दो दिवसीय आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। अधिवेशन में देश के विभिन्न प्रांतों से 779 फार्मेसी विद्यार्थी, जिनमें 465 छात्र एवं 311 छात्राएँ शामिल रहे, तथा नेपाल के प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता की।

उद्घाटन सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, आर्ब्रो फार्मास्युटिकल ग्रुप के कर्णधार सौरभ अरोड़ा, विश्वविद्यालय के डीन डॉ. वी.के. सिंह, अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान, फार्माविजन के राष्ट्रीय संयोजक अपूर्व नन्दी, राष्ट्रीय सह-संयोजक कुमारी श्रेया वशिष्ठ एवं अवध प्रांत प्रमुख डॉ. आकाश वेद सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में फार्मेसी विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, कौशल, अनुसंधान एवं नवाचार को राष्ट्र की आवश्यकताओं से जोड़कर भारत को विश्व का प्रमुख फार्मा हब बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सस्ती, गुणवत्तापूर्ण एवं जनसुलभ जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में फार्मेसी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण औषधि निर्माण को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

फार्माविजन के राष्ट्रीय संयोजक अपूर्व नन्दी ने कहा कि फार्माविजन फार्मेसी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे सोचने, जागरूक बनने तथा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने में योगदान के लिए प्रेरित करने वाला अखिल भारतीय मंच है।

अधिवेशन के दूसरे दिन मॉडल प्रेजेंटेशन, पोस्टर प्रेजेंटेशन, फार्माप्रेन्योर, फार्मासिस्ट काउंसलर, यूथ पार्लियामेंट एवं फार्माथॉन सहित विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं नवाचार आधारित कार्यक्रम आयोजित हुए। विद्यार्थियों ने शोध, नवाचार, उद्यमिता, स्वास्थ्य व्यवस्था एवं फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत किए। साथ ही, जोन-वाइज बैठक में फार्माविजन के आगामी कार्यक्रमों एवं देशभर में गतिविधियों के विस्तार की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

समापन अवसर पर आयोजित वैलिडिक्टरी सेशन में उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान उपस्थित रहे। उन्होंने फार्माविजन जैसे मंचों को विद्यार्थियों में फार्मेसी क्षेत्र के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी विकसित करने में उपयोगी बताया।

अभाविप के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री देबदत्त जोशी ने कहा कि युवा व्यक्तिगत विकास के साथ राष्ट्र के विकास में भी अपनी भूमिका सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फार्मेसी केवल दवा निर्माण एवं वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता, स्वास्थ्य सेवा एवं जनजागरूकता के व्यापक अवसर उपलब्ध कराता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित