भिण्ड , मार्च 8 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में फार्मर रजिस्ट्री कैंपों में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन पटवारियों को निलंबित कर दिया, जबकि 12 पटवारियों के पांच-पांच दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए शासन के निर्देश पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में लहार अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजय यादव ने राजस्व अधिकारियों के साथ विभिन्न गांवों में लगाए गए कैंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पटवारियों की लापरवाही सामने आई, जिस पर एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसडीएम ने बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक किसान के सभी सर्वे नंबरों को जोड़कर फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा रही है, जिससे भविष्य में किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि आगामी सीजन में खाद का वितरण भी इसी फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित