हाजीपुर , मई 20 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशानुसार एग्री स्टैक योजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री फेज-2 अभियान जिले में मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वैशाली जिला फार्मर रजिस्ट्री अभियान में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। जिले ने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 116 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की है। वहीं आज एक ही दिन में 1500 से अधिक किसानों का नया पंजीकरण किया गया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि किसानों का अद्यतन डाटाबेस तैयार करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्र अनुदान, बीज वितरण, उर्वरक, फसल सहायता सहित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सके।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को और अधिक गति देने का निर्देश दिया तथा पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा।

जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी रैयत किसानों से अपील की कि वे फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, जिससे सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित