नयी दिल्ली , अक्टूबर 23 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि दिसंबर 2027 तक 11 करोड़ 'फार्मर आईडी' बनाने का लक्ष्य समय से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार वीबी-जीरामजी योजना के तहत श्रमिकों की हाजिरी के लिए बने उन्नत ऐप जारी करते हुएश्री चौहान ने कहा कि अब तक 10 करोड़ 99 लाख 70 हजार फार्मर आईडी बनाई जा चुकी हैं और मात्र 30 हजार और आईडी बनते ही देश 11 करोड़ का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लेगा। इस तरह से देश फार्मर आईडी बनाने के काम में निर्धारित समय-सीमा से एक वर्ष से भी अधिक पहले हासिल करने की ओर अग्रसर है।

गौरतलब है कि फार्मर आईडी, आधार से जुड़ी किसान की डिजिटल पहचान है, जिसमें उसकी जानकारी, जमीन का रिकॉर्ड, बोई गई फसल और खेती से जुड़ी गतिविधियां जुड़ी होती हैं। इस पहचान पत्र को आधार कार्ड की तर्ज पर खास तौर पर किसानों के लिए बनाया गया है। इसका मकसद यह तय करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सिर्फ असल और योग्य किसानों को ही मिले।

फार्मर आईडी से किसान को बार-बार कागज दिखाने की झंझट खत्म होती है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ जल्दी और सीधे मिलता है। बीज, खाद और मशीनों पर मिलने वाली सब्सिडी सीधे खाते में पहुंचती है। बैंक लोन, बीमा क्लेम और सरकारी मदद का काम तेज होता है और फर्जीवाड़े पर लगाम लगती है। इसी के साथ किसान औपचारिक बैंकिंग सिस्टम से जुड़ पाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित