श्रीनगर , फरवरी 24 -- नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने ईरान पर अमेरिका के संभावित हमले की आशंकाओं को देखते हुए वहां से जम्मू-कश्मीर के छात्रों और निवासियों से तुरंत घर लौटने का आग्रह किया है।

भारत द्वारा अपने नागरिकों को उपलब्ध साधनों का उपयोग कर ईरान छोड़ने के लिये जारी की गयी नयी सलाह पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री अब्दुल्ला ने मंगलवार को चेतावनी दी कि हवाई क्षेत्र बंद होने या संघर्ष के कारण यात्रा बाधित होने की स्थिति में देरी से परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

श्री अब्दुल्ला ने श्रीनगर में पत्रकारों से कहा, "मैं जम्मू-कश्मीर के छात्रों से कहना चाहता हूँ कि वे तुरंत निकल जाएँ। अन्यथा, कल जब हवाई क्षेत्र बंद हो जाएगा, तो उनके माता-पिता और परिवार वाले चिंता और घबराहट फैलाएँगे।" पूर्व मुख्यमंत्री ने उन्हें सलाह दी कि हालात बिगड़ने से पहले ही लौट जाएँ क्योंकि बाद में निकासी मुश्किल हो सकती है।

उन्होंने आगे कहा, "उस स्थिति के उत्पन्न होने से पहले ही निकल जाना बेहतर है, क्योंकि बाद में उन्हें निकालने वाला कोई नहीं होगा। चूंकि सलाह जारी हो चुकी है, इसलिए उन्हें अपना सामान पैक करके घर लौट आना चाहिये।"भारतीय दूतावास ने सोमवार को जारी अपनी नवीनतम सलाह में अपने नागरिकों से "उपलब्ध परिवहन साधनों, जिनमें वाणिज्यिक उड़ानें भी शामिल हैं, के माध्यम से ईरान छोड़ने" का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित