मुरैना , मई 26 -- मध्यप्रदेश के मुरैना शहर में आज हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने दावा किया है कि दोनों युवक खुद की गोली लगने से घायल हुए हैं।

उप पुलिस अधीक्षक विजय भदौरिया ने बताया कि दोनों युवक गर्ल्स स्कूल रोड पर स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे बैठा युवक पिस्टल लोड करने लगा, तभी अचानक पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी में दोनों युवकों को तीन-तीन गोलियां लगीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान राहुल और निखिल तिवारी के रूप में हुई है, जिनका ग्वालियर में उपचार चल रहा है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर यह तथ्य सामने आया। प्रारंभिक सूचना में अज्ञात हमलावरों द्वारा गोलीबारी किए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से विस्तृत जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित