भिण्ड , जुलाई 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की देहात थाना पुलिस ने फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाने और रौब जमाने के आरोप में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनका पैदल जुलूस निकाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर मौका मुआयना कराया और इसके बाद करीब 500 मीटर तक पैदल घुमाने के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 14 जून की रात देहात थाना क्षेत्र के महावीर नगर बीटीआई रोड पर अनिकेत यादव और अंशुमन यादव ने अपने साथी सूरज यादव तथा एक नाबालिग के साथ मिलकर अभिषेक शाक्य के घर पहुंचकर देशी कट्टे से तीन से चार राउंड फायर किए थे। आरोपियों ने इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी।

घटना के बाद फरियादी अभिषेक शाक्य की शिकायत पर चार आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने अनिकेत यादव और अंशुमन यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सूरज यादव और एक नाबालिग की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का मौका मुआयना कराया। इसके बाद दोनों का बीटीआई रोड पर पैदल जुलूस निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अनिकेत यादव और फरियादी अभिषेक शाक्य पहले मित्र थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन मोबाइल पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ हथियार लेकर अभिषेक के घर पहुंचे और फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। देहात थाना पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा मामले की विवेचना जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित