प्रयागराज , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लखनऊ जाने वाले फाफामऊ पुल पर देर रात गिट्टी लदा डंपर खराब होने के कारण शुक्रवार सुबह भीषण जाम लग गया। पुल पर डंपर खड़ा रहने से वाहनों का दबाव बढ़ते ही शहर से फाफामऊ और फाफामऊ से शहर आने-जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सुबह ऑफिस, स्कूल और कॉलेज जाने के समय जाम लगने से हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे, जबकि कुछ यात्रियों को दूसरे मार्गों का सहारा लेना पड़ा। बताया गया है कि डंपर देर रात खराब हुआ था और उसे रात में पुल से हटाया नहीं जा सका। सुबह वाहनों की संख्या बढ़ने पर पुल पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। डंपर के कारण वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची और देखते ही देखते दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं।

जाम की सूचना मिलने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और व्यवस्था संभालने में जुट गई। प्रशासन की ओर से डंपर को खाली कराकर पुल से हटाने का काम शुरू कराया गया। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से फिलहाल फाफामऊ पुल की ओर जाने से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। डंपर हटाए जाने और मार्ग साफ होने के बाद यातायात सामान्य होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित