कोरबा , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत इमलीडुग्गु रेलवे फाटक पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फाटक पार करने की जल्दबाजी में बारूद से भरी एक वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 58 वर्षीय हनुमानदिन प्रजापति, निवासी ददर, के रूप में की गई है। घटना के समय वे अपने घर में चल रहे नवरात्र पूजा के बाद प्रसाद लेकर सीतामढ़ी स्थित अपने भाई के घर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि मानिकपुर फाटक खुला होने पर वे पार करने पहुंचे, लेकिन इसी दौरान फाटक बंद होने लगा। उसी समय पास से गुजर रही बारूद से भरी एक वाहन भी फाटक पार करने की कोशिश में थी, जिसने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक सवार फाटक के समीप गड्ढे में गिर गया और वाहन के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मानिकपुर चौकी पुलिस ने घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि संबंधित वाहन में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री (बारूद) भरी हुई थी, जो नागपुर से रायगढ़ ले जाई जा रही थी। वाहन एक निजी कंपनी का बताया जा रहा है। मामले की जानकारी कंपनी के सुपरवाइजर को दे दी गई है तथा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के सीएसईबी, टीपी नगर, शारदा विहार, सोनालिया और पवन टॉकीज जैसे प्रमुख रेलवे फाटक अक्सर बंद रहते हैं, जिससे जाम और जल्दबाजी की स्थिति बनती है। फाटक खुलते ही लोगों में पहले पार करने की होड़ लग जाती है, जिसके चलते पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित