चंडीगढ़ , अक्टूबर 15 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने फाजिल्का जिले में जलभराव और खारी हो चुकी कृषि भूमि की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के लिए केंद्र सरकार की पहल का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया।

श्री ढिल्लों ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री ने करनाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के निदेशक के नेतृत्व में छह सदस्यीय विशेषज्ञ समिति गठित की है। समिति प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर जाकर आकलन करेगी और जलभराव से प्रभावित कृषि भूमि को दोबारा खेती योग्य बनाने के लिए वैज्ञानिक समाधान सुझाएगी।

उन्होंने कहा कि फाजिल्का और आसपास के क्षेत्रों में किसान हर साल जलभराव के कारण भारी नुकसान उठाते हैं। विशेषज्ञ समिति की पहल से समस्या के मूल कारणों की पहचान करने और उसके स्थायी समाधान विकसित करने में मदद मिलेगी। ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल पंजाब के किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित