बैतूल , मार्च 8 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में फागुन मेले के दौरान पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना पांच मार्च को ग्राम हिरादेही में आयोजित फागुन मेले के दौरान हुई। फरियादी राम प्रसाद कवडे (25) निवासी ग्राम बैरमढाना ने आठनेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह उस दिन दोपहर करीब चार बजे अपनी मौसी रनौती धुर्वे के घर गया हुआ था। शाम करीब पांच से छह बजे के बीच मौसी के घर के सामने सड़क पर झगड़े की आवाज सुनकर वह बाहर निकला।

बाहर जाकर देखने पर उसने पाया कि सातकुंड निवासी मोहित बाडिया अपने साथियों के साथ उसके बड़े पिताजी के बेटे गोविंद और विशाल के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर रहा था। इसी दौरान मोहित बाडिया ने धारदार चाकू से गोविंद की दाहिनी कमर पर वार किया, जबकि विशाल के दाहिने पैर की जांघ और बाएं कंधे पर भी हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

शिकायतकर्ता और आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल गोविंद और विशाल को निजी वाहन से उपचार के लिए शासकीय अस्पताल आठनेर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल का उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 19 फरवरी को ग्राम बैरमढाना में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर गोविंद, विशाल और मोहित बाडिया के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने मेले में चाकू से हमला किया।

पुलिस ने इस मामले में आठनेर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी मोहित पिता केशोराव बाडिया (23) निवासी सातकुंड तथा दो 17 वर्षीय अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भैंसदेही में पेश करने की कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित