अलवर , मई 23 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम थाना क्षेत्र में पुलिस ने फाइनेंस रिकवरी टीम बनकर राह चलते लोगों को निशाना बनाने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार और लूटी गई नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 14 मई की रात करीब आठ बजे पीड़ित अपनी से कंपनी में ड्यूटी पर जा रहा था। तभी वीरनबास चौकी से पहले एक मंदिर के पास एक सफेद रंग की कार में सवार तीन युवकों ने उसकी गाड़ी के आगे अपनी कार लगाकर उसे रोक लिया। आरोपियों ने खुद को फाइनेंस रिकवरी टीम का सदस्य बताते हुए पीड़ित को धमकाया और उसकी जेब से नकदी लूट ली। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया और उसके खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवा लिए। बदमाशों ने पांच हजार रुपए नकद और करीब 13 हजार 500 रुपए मोबाइल के जरिए खातों में डलवा लिए।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की कार और दस हजार की नकदी भी जब्त कर ली गई। आरोपियों की पहचान विवेक, सुन्दर और दर्शन के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित