फिरोजपुर , अगस्त 11 -- पंजाब पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), फिरोजपुर रेंज ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से चलाये जा रहे नशीले पदार्थों की तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 30.672 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हेरोइन की खेप एक विदेश में बैठे नशा तस्कर द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से भेजी गयी थी। इस खेप को फिरोजपुर के गांव अली के क्षेत्र में एक भारतीय तस्कर ने प्राप्त किया था। इसके बाद इसे आगे पहुंचाने और विभिन्न स्थानों पर आपूर्ति करने की योजना थी।

श्री यादव ने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों और सीमा पार बैठे हैंडलरों के संबंधों की जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क के सभी संपर्कों पता लगाने के साथ-साथ इससे जुड़े अन्य सभी लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस संबंध में थाना एएनटीएफ, एसएएस नगर में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन की खेप के स्रोत, इसके गंतव्य और सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित