रायपुर , सितंबर 19 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के ग्राम बिंजली निवासी किसान तरुण चंदेल को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल क्षति के एवज में 28 हजार रुपये की बीमा दावा राशि मिली है।
शनिवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार चंदेल के पास करीब चार एकड़ कृषि भूमि है और कृषि उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है। मौसम की अनिश्चितता, कीट प्रकोप और प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल को होने वाले संभावित नुकसान से बचाव के लिए उन्होंने वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसल का बीमा कराया था।
आपदा के कारण फसल को नुकसान पहुंचने के बाद चंदेल ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत बीमा दावा प्रस्तुत किया। विभागीय प्रक्रिया और क्षति के आकलन के बाद 28 हजार रुपये की दावा राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा की गई।
चंदेल ने बताया कि खेती में मौसम की अनिश्चितता के कारण फसल खराब होने पर बीज, खाद, श्रम और परिवार के अन्य खर्चों का प्रबंधन करना मुश्किल हो जाता है। फसल क्षति के बाद मिली 28 हजार रुपये की राशि से आर्थिक दबाव कम हुआ है और अगली फसल की तैयारी में सहायता मिली है।
राज्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में किसानों को कृषि संबंधी जोखिमों और फसल बीमा सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
किसान चंदेल ने कहा कि बीमा राशि मिलने से फसल नुकसान की भरपाई में मदद मिली और खेती जारी रखने के लिए आर्थिक संबल मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित