जयपुर , सितंबर 30 -- राजस्थान में फलौदी जिले के खीचन गांव में सात समंदर पार से उड़कर आने वाले प्रवासी पक्षी कुरजां (डेमोइसेल क्रेन) ने अपना डेरा डालना शुरू कर दिया है।

इनके लिये बनाये गये गांव में स्थित चुग्गा घर में सुबह इनका नजारा देखने मिलने लगा है। इन पक्षियों की सेवा में लगे समाजसेवी सेवाराम माली ने बताया कि हर साल शीत ऋतु की शुरुआत (सितंबर-अक्टूबर) होते ही ये पक्षी मंगोलिया, साइबेरिया और मध्य एशिया से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर यहां पहुंचते हैं और मार्च महीने तक खीचन गांव में ही ये डेरा डालकर रहते हैं, और गर्मी के शुरू होते ही वापस अपने वतन लौट जाती है।

उन्होंने बताया कि इन पक्षियों के यहां शीतकालीन प्रवास के लिए आना शुरू हो गया है और बाद में इनकी संख्या बढकर 40 हजार के पार पहुंच जाती है। गत वर्ष यहां आने वाले पक्षियों की संख्या 40 हजार के पार पहुंच गयी थी।

उन्होंने बताया कि इनके आते ही पर्यटकों का भी यहां आना शुरू हो गया है। इससे खीचन गांव में रौनक बढ़ने लगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित