फर्रुखाबाद , अक्टूबर 17 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कादरी गेट थाना पुलिस ने 657 किलोग्राम अवैध आतिशबाजी बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आतिशबाजी के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो मैक्स पिकअप भी जब्त की है।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि पांचाल घाट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हरिकेश कुमार शुक्रवार रात पुलिस टीम के साथ पांचाल घाट पर वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान हाथरस से लखीमपुर खीरी जा रही एक बोलेरो मैक्स पिकअप की तलाशी लेने पर 21 कार्टन में रखी 657 किलोग्राम आतिशबाजी बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से लखीमपुर खीरी जिले के पसगवां थाना क्षेत्र के जंग बहादुरगंज निवासी रवि और दीपक गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने कथित रूप से बताया कि वे हाथरस से आतिशबाजी खरीदकर दीपावली के लिए लखीमपुर खीरी ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित