फर्रुखाबाद , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में द्वारचार के दौरान हर्ष फायरिंग में दुल्हन के जीजा को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शादी समारोह स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई, जबकि फायरिंग करने वाले बाउंसर मौके से फरार हो गए। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 36 किलोमीटर दूर कायमगंज कस्बे की पटवन वाली गली स्थित लाला परमानंद धर्मशाला बगीची में मोहल्ला जवाहरगंज निवासी हिंदूवादी नेता प्रदीप सक्सेना के पुत्र जय सक्सेना की शादी का समारोह चल रहा था। गुरुवार देर रात द्वारचार के समय बाउंसरों द्वारा की गई हर्ष फायरिंग के दौरान दुल्हन के जीजा गौरव सक्सेना, निवासी बाजार कला थाना शमशाबाद, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और हर्ष फायरिंग करने वाले बाउंसर मौके से फरार हो गए। परिजन घायल गौरव सक्सेना को तत्काल फर्रुखाबाद शहर में उपचार के लिए ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के एक निजी नर्सिंग होम के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कायमगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शादी समारोह में शामिल बाउंसरों द्वारा हर्ष फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित