फर्रुखाबाद , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज कोतवाली पुलिस ने शिवानी हत्याकांड के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घसिया चिलौली निवासी शिवानी (22) का विवाह लगभग चार वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी विजय कोरी के साथ हुआ था। पिछली सात मार्च को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान विजय ने धारदार हथियार 'टकोरा' से वार कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल शिवानी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद मृतका के पिता चंद किशोर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि विजय और उसके परिजनों द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। इस संबंध में पति सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को आरोपी पति विजय कोरी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार 'टकोरा' भी बरामद कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित