फर्रुखाबाद , अगस्त 30 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। हालांकि, वर्तमान में जिले में स्वाइन फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त जिला चिकित्सालय में संभावित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त बेड और चिकित्सकीय व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने की तैयारी की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने आमजन से स्वाइन फ्लू के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, अत्यधिक कमजोरी अथवा सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को संभावित मरीजों की पहचान, निगरानी और उपचार की व्यवस्था सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना समय से उपलब्ध कराने के साथ ही अस्पतालों में आवश्यक दवाओं और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की भी नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।

स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकना, हाथों की नियमित सफाई करना, बीमार व्यक्ति के निकट संपर्क से बचना तथा भीड़भाड़ वाली जगहों पर आवश्यक सावधानी बरतना महत्वपूर्ण है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन लापरवाही भी नहीं बरतनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित