फर्रुखाबाद , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में ससुराल आए एक युवक का शव रविवार सुबह खेत में आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के विकास नगर निवासी संजय कुमार (35) करीब तीन दिन पहले घर से निकले थे और 11 अप्रैल को मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल ग्राम ज्योता पहुंचे थे, जहां उनकी पत्नी मोहिनी अपने मायके में रह रही थी। रविवार सुबह गांव के लोग शौच के लिए खेतों की ओर गए तो समीपवर्ती खेत में आम के पेड़ पर युवक का शव फांसी के फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतक के ससुर नरेश ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ में मृतक की पत्नी मोहिनी ने बताया कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। उसका आरोप है कि संजय उस पर पेट्रोल डालकर जलाने और स्वयं आत्महत्या करने की धमकी देता था, जिसकी सूचना पूर्व में पुलिस को दी गई थी। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि संजय का दिल्ली की एक महिला से प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद था।
वहीं मृतक के पिता राम अवतार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित