फर्रुखाबाद , जून 16 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बेग निवासी अवनीश उर्फ बबलू (45) ग्राम सादिकपुर समीपवर्ती एक रिफाइनरी फैक्ट्री में चौकीदार था। वह आज तड़के ड्यूटी खत्म करके साइकिल से अपने घर लौट रहा था तभी फैक्ट्री से कुछ ही दूर पर रास्ते में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घटना स्थल गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही दूसरे चौकीदार ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने घायल अवनीश को समीपवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा उपचार के लिए भिजवाया जहां सरकारी चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अवनीश की मृत्यु की जानकारी मिलते ही उत्तेजित परिवारजन एवं ग्रामीणों ने शव को फैक्ट्री गेट पर रखकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश द्विवेदी अपने दलबल के साथ हो मौके पर पहुंचे और हंगामा करने वालों को समझा बूझा कर शांत किया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भिजवाया गया तथा दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित