फर्रुखाबाद , मार्च 9 -- फर्रुखाबाद जिले के कम्पिल थाना क्षेत्र में पूर्वोत्तर रेलवे के कायमगंज-कम्पिल रेलवे स्टेशन के बीच सोमवार को रेल लाइन के पास एक युवती का क्षत-विक्षिप्त शव बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कम्पिल थाना क्षेत्र के ग्राम कादर दादरपुर सराय निवासी रेशमा (19) रविवार देर रात घर से शौच के लिए निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे ट्रैकमैन लाइन चेक करते समय पोल संख्या 174/15 के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवती का क्षत-विक्षिप्त शव पड़ा देखा और इसकी सूचना संबंधित स्टेशन मास्टर को दी।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रेशमा (19) निवासी ग्राम कादर दादरपुर सराय, थाना कम्पिल के रूप में की। परिजनों के अनुसार रेशमा की शादी अगले माह तय थी। पुलिस ने प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटकर आत्महत्या की आशंका जताते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित