फर्रुखाबाद , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने फर्रुखाबाद जंक्शन के पास पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे की क्रॉसिंगों पर ओवरब्रिज (उपरगामी पुल) निर्माण के लिए 97 करोड़ 43 लाख 28 हजार रुपये की धनराशि मंजूर की है।

सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बुधवार को बताया कि देवरामपुर रेलवे क्रॉसिंग गेट-154 और नगला खैरबंद के पास स्थित रेलवे गेट क्रॉसिंग-09 पर यह ओवरब्रिज बनाया जाएगा। प्रस्तावित पुल की लंबाई करीब 1013.71 मीटर होगी।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना को व्यय-वित्त समिति से मंजूरी मिल चुकी है और इसका शासनादेश 31 मार्च को जारी कर दिया गया है। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। विधायक ने कहा कि ओवरब्रिज बनने के बाद दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। साथ ही, रेल लाइनों के नीचे से सामान्य आवागमन के लिए अंडरपास बनाने की भी योजना है।

उन्होंने बताया कि कायमगंज स्टेशन के पास भी भविष्य में ओवरब्रिज निर्माण की योजना प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित