फर्रुखाबाद , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लखनपुर निवासी अंकित (25) मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करता था। उसका विवाह राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुमापुर निवासी रूबी से करीब तीन वर्ष पूर्व हुआ था। बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और पत्नी इन दिनों मायके में रह रही थी।
शनिवार देर रात फोन पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद अंकित खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह करीब आठ बजे परिजनों ने उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा, जिससे घर में कोहराम मच गया।
सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे क्राइम इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने मौके पर जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित