फर्रुखाबाद , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में प्रसूता और नवजात की मृत्यु के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने आवास विकास स्थित मदर केयर हॉस्पिटल के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। मामले में मातृ मृत्यु ऑडिट शुरू कर दिया गया है तथा विभागीय एवं विधिक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। सरकारी सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देश पर उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ. आर.सी. माथुर के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल का कोई संचालक, चिकित्सक अथवा अधिकृत प्रतिनिधि मौके पर उपस्थित नहीं मिला। टीम ने अस्पताल के पंजीकरण, मरीज के उपचार, भर्ती, प्रसव, रेफरल तथा प्रसूता की मृत्यु से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन अस्पताल प्रबंधन कोई भी आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सका। जांच में उपचार संबंधी अभिलेखों का संधारण भी संतोषजनक नहीं पाया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रसूता के उपचार से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, वीडियो, फोटोग्राफ तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच की जा सके। साथ ही मातृ मृत्यु ऑडिट (मेटरनल डेथ ऑडिट) के माध्यम से मृत्यु के वास्तविक कारणों और उपचार प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न कराने तथा जांच में सहयोग नहीं करने को गंभीर अनियमितता मानते हुए मदर केयर हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही संबंधित अभिलेखों की गहन जांच के साथ आवश्यक विभागीय एवं विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि जनपद में किसी भी मरीज के जीवन के साथ लापरवाही अथवा स्वास्थ्य विभाग के नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी निजी चिकित्सालयों के लिए पंजीकरण की शर्तों का पालन करते हुए उपचार संबंधी अभिलेखों का विधिवत संधारण करना अनिवार्य है। जांच में सहयोग न करने अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित