फर्रुखाबाद , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में सदर क्षेत्र के पूर्व विधायक विजय सिंह के नाला मच्छरट्टा स्थित आवास में मंगलवार शाम करीब सवा सात बजे तेज धमाके के साथ भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें उनके दो पुत्रों सहित तीन चार घायल हो गए।

सूत्रों के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि मकान की खिड़कियां टूट गईं और बेसमेंट भी क्षतिग्रस्त हो गया। धमाका होते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस बल के साथ पुलिस उपाधीक्षक नगर एश्वर्य उपाध्याय तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पूर्व विधायक की पत्नी तथा नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष दयावंती सिंह ने पुलिस को बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि उन्हें भूकंप जैसे झटके महसूस हुए। उस समय वह ऊपर की मंजिल पर पूजा कर रही थीं, जबकि उनके पुत्र नीचे के हिस्से में मौजूद थे।

हादसे में विधायक पुत्र विक्की सिंह तथा प्रधान भैया चौहान सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पास के भारत नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

इस बीच जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना का निरीक्षण किया। पुलिस उपाधीक्षक ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि विस्फोट किस कारण से हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार पूर्व विधायक विजय सिंह वर्तमान में ब्रहृम दत्त द्विवेदी हत्याकांड के मामले में जेल में बंद हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित