फर्रुखाबाद , जून 13 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के मेरापुर थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान के भाई की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने हत्या के बाद शव को घर के समीप फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढर्राशादीनगर निवासी विनोद कुमार उर्फ शिव मोहन दीक्षित (55) शुक्रवार रात किसी दावत में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद हमलावर शव को उनके घर के पास करौंदे की झाड़ियों के निकट फेंककर फरार हो गए।

शनिवार सुबह जब मृतक का पुत्र घर से बाहर निकला तो उसने अपने पिता को लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा। उसने तत्काल अपने ताऊ एवं गांव के पूर्व प्रधान हरिमोहन दीक्षित सहित अन्य परिजनों को घटना की सूचना दी। हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर मेरापुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित