फर्रुखाबाद , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक लुटेरे के पैर में गोली लगने के बाद उसे उसके साथी सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में दो दिन पूर्व ई-रिक्शा चालक से मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने लूट की वारदात की थी। घटना के खुलासे के लिए मोहम्मदाबाद और मऊ दरवाजा थानों की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई थी।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस को ऊगरपुर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों के होने की जानकारी मिली, जिस पर देर रात दोनों थानों की पुलिस ने वाहन चेकिंग और घेराबंदी अभियान चलाया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोली चलाई।
मुठभेड़ में उपेंद्र नामक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे एक अन्य साथी सहित गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों ने थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र में पूर्व में एक साइकिल सवार से लूट की घटना को भी स्वीकार किया है। पुलिस उनकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित