फर्रुखाबाद , अप्रैल 21 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम नैनिया नगला निवासी अनुज शाक्य (23) ने करीब सात माह पूर्व एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र निवासी एक युवती से प्रेम विवाह किया था। अनुज टेंट हाउस में लाइट का काम करता था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। करीब दस दिन पहले पत्नी मायके से वापस ससुराल आई थी। सोमवार रात भोजन करने के बाद अनुज सोने के लिए चला गया।
मंगलवार तड़के करीब पांच बजे अनुज का शव घर की रसोई में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित