फर्रुखाबाद , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी विजय कोरी की शादी लगभग चार वर्ष पहले ग्राम चिलौली निवासी शिवानी (22) के साथ हुई थी। दंपति की एक चार वर्षीय पुत्री काव्या भी है।
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर विजय कोरी ने धारदार हथियार (टकोरा) से पत्नी शिवानी पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
परिजन घायल शिवानी को उपचार के लिए कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. प्रदीप राजपूत ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले अस्पताल पहुंच गए। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित