फर्रुखाबाद , जून 22 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली पुलिस ने दीपचंद उर्फ पंखिया हत्याकांड में दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेजने की कार्यवाही की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के गांव चिलसरी में कई वर्ष पहले बुजुर्ग झम्मन लाल हत्याकांड में आरोपी गांव के ही रोहित उर्फ भीमा ने हत्या के गवाह दीपचंद उर्फ पंखिया को 20 जून शनिवार रात्रि में खूब शराब पिलाई थी। इस दौरान रोहित उर्फ भीमा ने ,अपने साथी एटा जिले के थाना जसरथपुर के ग्राम एरई निवासी बालकिशन के साथ मिलकर दीपचंद उर्फ पंखिया की हत्या कर दी थी और उसके शव को गांव में समीपवर्ती एक बाग मे आम के पेड़ पर फासी के फंदे पर लटका दिया।
उधर घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला 20/21 जून को मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच पड़ताल शुरू की। मृतक के भाई कंबोज के तहरीर पर दीपचंद उर्फ पंखिया के हत्यारोपी ,रोहित उर्फ भीमा को हिरासत में लेकर कडाई के साथ पूछताछ की गई। इस हत्याकांड में एटा जिले के थाना जशरथपुर के ग्राम एरेई निवासी बाल किशन का भी नाम प्रकाश में आया।
पुलिस ने दीपचंद उर्फ पंखियां हत्याकांड के हत्यारोपियों में , रोहित उर्फ भीमा एवं उसके साथी बालकिशन समेत दोनों को गिरफ्तार कर आज जेल भेजने की अग्रिम कार्रवाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित