फर्रुखाबाद , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान लापरवाही के चलते महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों के हंगामे के बीच प्रशासन ने अस्पताल को सीज कर दिया। सूत्रों के अनुसार इटावा जिले के मोहनी उसराहार निवासी राखी ने करीब एक सप्ताह पूर्व शहर के मसेनी रोड स्थित कुलवंती नर्सिंग होम में पुत्र को जन्म दिया था। प्रसव के बाद वह थाना कादरी गेट क्षेत्र के मोहल्ला डिग्गी ताल स्थित अपने मायके में रह रही थी। शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे तबीयत बिगड़ने पर उसे पुनः कुलवंती नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाए जाने और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना पर थाना प्रभारी कपिल चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक ऐश्वर्या उपाध्याय सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनीद्र कुमार ने बताया कि घटना के बाद कुलवंती नर्सिंग होम को सीज कर दिया गया है। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को एंबुलेंस से डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। मामले की जांच के लिए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।

सीएमओ ने बताया कि जांच के दौरान अव्यवस्थाएं पाए जाने पर मसेनी रोड स्थित नारायण अस्पताल, स्वास्तिक अस्पताल, महालक्ष्मी हॉस्पिटल, गणेश हॉस्पिटल और बीके अस्पताल सहित पांच अन्य अस्पतालों पर भी कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित