फर्रुखाबाद , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि कमालगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में शनिवार तड़के रजीपुर-जरारी मार्ग पर उगरापुर गांव के पास घेराबंदी की गई।

उन्होंने बताया कि घेराबंदी के दौरान आरोपी अशोक राजपूत ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इस दौरान एक सिपाही लोकेंद्र भी घायल हो गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी और सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित