फर्रुखाबाद , मई 18 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम हरदुआ निवासी विपिन कुमार (32) ब्लॉक में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत था। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मोहम्मदाबाद-नवाबगंज मार्ग पर नवाबगंज कस्बे के समीप तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में विपिन कुमार डंपर के नीचे आकर गंभीर रूप से कुचल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में विपिन कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित