फर्रुखाबाद , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक शादी समारोह में टेंट खोलते समय करंट लगने से टेंट मजदूर कारीगर की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम लोहापनिया निवासी राजेश्वर पुत्र विक्रम सिंह के घर पर शादी समारोह के लिए टेंट लगाया गया था। गुरुवार सुबह शमसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मुजाहिदपुर निवासी सुरेंद्र (30) टेंट खोलने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान टेंट का लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे पाइप में करंट दौड़ गया। करंट लगने से सुरेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित