फर्रुखाबाद , मार्च 3 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले में आदर्श थाना मऊ दरवाजा पुलिस ने बीएससी छात्र की हत्या के मामले में उसके ताऊ को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि आदर्श थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के ग्राम गंगुली में सोमवार देर शाम पारिवारिक विवाद के दौरान दो सगे परिवारों के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान बीएससी छात्र विवेक कनौजिया (19) को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल और पूछताछ शुरू की। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि विवेक कनौजिया की उसके ताऊ राजेश उर्फ पप्पू कनौजिया द्वारा चाकू से गोदकर हत्या की गई।
थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी ताऊ राजेश उर्फ पप्पू कनौजिया को हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित