फर्रुखाबाद , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसकी कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार शाम बाजार में चीनी के बढ़ते दामों के मद्देनजर आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी।

कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, कायमगंज स्थित दि किसान सहकारी चीनी मिल के महाप्रबंधक तथा जिले के 10 बड़े स्टॉकिस्ट मौजूद रहे। बैठक में चीनी मिल के महाप्रबंधक ने बताया कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिले में एकमात्र सहकारी चीनी मिल होने के बावजूद मिल में भी पर्याप्त मात्रा में चीनी का भंडार है। उन्होंने बताया कि शनिवार को चीनी का थोक मूल्य 5,900 रुपये प्रति क्विंटल रहा।

जिलाधिकारी ने बड़े स्टॉकिस्टों के पास उपलब्ध चीनी के स्टॉक की स्थिति की जानकारी ली। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि सभी बड़े स्टॉकिस्टों के पास पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है और उनका स्टॉक भारत सरकार द्वारा निर्धारित 4,000 क्विंटल की सीमा के भीतर है। तीन स्टॉकिस्टों के स्टॉक की रैंडम जांच भी कराई गई, जिसमें स्टॉक निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी स्टॉकिस्टों के लिए खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल पर प्रत्येक शुक्रवार को अपने स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित करना अनिवार्य है। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉकिस्टों को निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार नियमित रूप से स्टॉक की जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी और जिला खाद्य विपणन अधिकारी को संयुक्त टीम गठित कर रैंडम तरीके से स्टॉक की जांच कराने को कहा, ताकि किसी भी स्थिति में जमाखोरी और कालाबाजारी न हो सके। जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसकी कोई कमी नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित