फर्रुखाबाद , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र में शनिवार को गाली-गलौज करने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गंगानगर कॉलोनी निवासी आकाश उर्फ वटरा शनिवार सुबह अपने घर के बाहर बैठकर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। मारपीट में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पत्नी रूबी के अनुसार करीब एक माह पहले ई-रिक्शा निकालने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इस दौरान हुई मारपीट में आकाश घायल हो गया था। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने उसका उपचार नहीं कराया, जिसके बाद आकाश ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था।

पुलिस के अनुसार शनिवार को लाठी-डंडों से की गई मारपीट में गंभीर रूप से घायल आकाश को परिजन उपचार के लिए फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां आपातकालीन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित