फर्रुखाबाद , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर गंगा स्नान के दौरान शाहजहांपुर जिले के चार कांवड़िये गंगा में डूबकर लापता हो गए। पुलिस, गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीमों द्वारा पिछले 12 घंटे से उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित गंगा पांचाल घाट पर रविवार रात से सोमवार तड़के तक पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बदायूं, इटावा, मैनपुरी समेत विभिन्न जिलों से लगभग 40 से 50 हजार श्रद्धालु और कांवड़िये गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षा सीमा के भीतर ही स्नान करने के निर्देश दिए थे।

बताया गया कि शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के साहूकार गांव से आए 8 से 10 कांवड़ियों के समूह में शामिल कमल सक्सेना (19), विकास सक्सेना (18), योगेश सक्सेना (16) और अर्जुन प्रजापति (19) सोमवार तड़के करीब चार बजे गंगा के गहरे पानी में स्नान करने लगे। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर चारों युवक डूब गए और देखते ही देखते लापता हो गए।

घटना की सूचना उनके साथियों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। बाद में एनडीआरएफ की सहायता भी ली गई। हालांकि लगातार चल रहे अभियान के बावजूद चारों युवकों का कोई पता नहीं चल सका है।

कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि लापता युवकों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि दो दिन पूर्व लखीमपुर खीरी जिले के फतेहपुर क्षेत्र के एक कांवड़िये पवन के गंगा में डूबने की घटना हुई थी, जिसका शव बरामद कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार लापता चार कांवड़ियों में एक ही परिवार के दो चचेरे भाई, एक भतीजा तथा गांव का एक अन्य युवक शामिल है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न उतरने और निर्धारित सुरक्षा सीमाओं का पालन करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित