फर्रुखाबाद , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कादरीगेट थाना क्षेत्र स्थित पांचाल घाट पर शनिवार को गंगा स्नान के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम अमेठी निवासी अरविंद उर्फ गोलू अपने तीन दोस्तों के साथ पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान जैसे ही वह गंगा में उतरा, उसका पैर गहरे पानी में फिसल गया और वह डूबने लगा। घटना के दौरान साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद सूचना मिलते ही पांचाल घाट चौकी प्रभारी मोहित कुमार पुलिस बल और गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से किशोर को पानी से बाहर निकाला गया। अचेत अवस्था में अरविंद उर्फ गोलू को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित